""""8 news cg -""""भाई ने भाई को उतारा मौत के घाट: पैतृक जमीन के विवाद में दंपति की दोहरी हत्या का खुलासा, आरोपी भाई को किया गिरफ्तार,,,,,
भाई ने भाई को उतारा मौत के घाट: पैतृक जमीन के विवाद में दंपति की दोहरी हत्या का खुलासा, लोरमी पुलिस ने आरोपी भाई को किया गिरफ्तार,,,
नवलपुर में हुए अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझी, नंदु कश्यप ने लोहे की कुदरी से भाई नंदकुमार और भाभी गौरीबाई की हत्या की
बिलासपुर /मुंगेली/लोरमी- ग्राम नवलपुर में पति-पत्नी की दोहरी हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में भाई ही भाई का हत्यारा निकला। पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद और रंजिश के चलते आरोपी नंदु कश्यप ने अपने भाई नंदकुमार कश्यप और उसकी पत्नी गौरीबाई की हत्या कर दी। लोरमी पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की कुदरी भी बरामद कर जब्त की गई है। आरोपी नंदु कश्यप को 1 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
घर में अलग-अलग बिस्तरों पर मिले थे पति-पत्नी के शव
मामला तब सामने आया जब मृतक दंपति के बेटे मोहन कश्यप ने 25 अगस्त को थाना लोरमी में सूचना दी। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता नंदकुमार कश्यप और मां गौरीबाई ग्राम नवलपुर स्थित मकान में रहते थे। 18 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे उसकी मां से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद मोबाइल रिचार्ज खत्म होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।23 अगस्त को रिचार्ज कराने के बाद लगातार फोन करने के बावजूद माता-पिता से बात नहीं हुई। संदेह होने पर मोहन ने अपने चाचा नंदु कश्यप को घर जाकर देखने के लिए कहा। नंदु ने घर में ताला लगे होने की जानकारी दी।इसके बाद 24 अगस्त को मोहन और उसका भाई बिलासपुर से नवलपुर पहुंचे। घर के बाहर ताला लगा था और अंदर से दुर्गंध आ रही थी। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर नंदकुमार और गौरीबाई अलग-अलग बिस्तरों पर मृत अवस्था में मिले। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना लोरमी पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों का पोस्टमार्टम बिलासपुर स्थित सिम्स में कराया गया।शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत हत्या के कारण होने की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना आगे बढ़ाई गई।पैतृक जमीन के बंटवारे ने बढ़ाई भाइयों की दुश्मनी,,,,जांच के दौरान पुलिस को दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद की जानकारी मिली। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि उनके पिता की करीब 8 एकड़ पैतृक जमीन थी। इसमें दोनों भाइयों के हिस्से में 3-3 एकड़ जमीन आई थी, जबकि करीब 1 एकड़ जमीन बहन के नाम और 50 डिसमिल जमीन माता-पिता के पास थी।
माता-पिता की देखरेख करने के कारण उक्त 50 डिसमिल जमीन नंदु कश्यप को मिलने की बात थी। लेकिन बाद में मृतक नंदकुमार द्वारा उसमें आधा हिस्सा मांगने से दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी बात को लेकर नंदु अपने भाई से रंजिश रखने लगा था।हत्या से दो दिन पहले भी हुआ था दोनों भाइयों में विवाद,,,पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 16 अगस्त को नंदु कश्यप ने अपने खेत में खाद डालकर मेड़ बांधी थी। आरोप है कि नंदकुमार ने मेड़ तोड़ दी, जिससे खाद पानी के साथ बह गई। इस घटना के बाद दोनों भाइयों के बीच विवाद और गहरा गया।
17 अगस्त की रात करीब 8.15 बजे नंदु अपने भाई नंदकुमार के घर पहुंचा था। दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान नंदकुमार का साला केदार कश्यप वहां पहुंच गया, जिसके बाद नंदु वापस लौट गया। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद और रंजिश के चलते आरोपी के मन में भाई के प्रति गुस्सा और बढ़ गया।छत के रास्ते घर में घुसा, पहले भाई फिर भाभी की हत्या,,,पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की दरम्यानी रात नंदु कश्यप लोहे की कुदरी लेकर अपने भाई के घर पहुंचा। वह पड़ोसी की बाड़ी की ओर से मकान की बाउंड्री पार कर छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ।
सीढ़ियों से नीचे उतरने पर उसने नंदकुमार और उसकी पत्नी गौरीबाई को बरामदे में अलग-अलग स्थान पर सोते देखा। आरोपी ने पहले नंदकुमार के सिर पर लोहे की कुदरी से हमला किया। आवाज सुनकर गौरीबाई जाग गईं और उन्होंने आरोपी को पहचान लिया। इसके बाद आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर के कमरे और अलमारी खोल दिए। इसके बाद आंगन में रखे पानी से अपने हाथ-पैर और घटना में प्रयुक्त कुदरी को धोया तथा मकान में बाहर से ताला लगाकर वहां से चला गया। आरोपी ने कुदरी को ट्यूबवेल में छिपा दिया था।
निशानदेही पर हथियार बरामद, आरोपी जेल दाखिल
पुलिस की पूछताछ में नंदु कश्यप ने जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के चलते वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर ट्यूबवेल में छिपाकर रखी गई लोहे की कुदरी बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नंदु कश्यप, उम्र 46 वर्ष, निवासी नवलपुर, थाना लोरमी, जिला मुंगेली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें