"""""8 NEWS CG -""""बिलासपुर में दिनदहाड़े चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार; 10 मामलों का खुलासा""""कोटा पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, सोने-चांदी के जेवरात व नकदी सहित करीब 18 लाख रुपये की संपत्ति जब्त; चोरी की रकम से खरीदी क्रेटा कार और बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त,,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,

बिलासपुर में दिनदहाड़े चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार; 10 मामलों का खुलासा

कोटा पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, सोने-चांदी के जेवरात व नकदी सहित करीब 18 लाख रुपये की संपत्ति जब्त; चोरी की रकम से खरीदी क्रेटा कार और बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त

बिलासपुर-जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े सूने मकानों का ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोटा पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) बिलासपुर की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों से बिलासपुर जिले के विभिन्न थानों के नौ मामलों तथा कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के एक मामले सहित कुल 10 चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी रकम, क्रेटा कार और दो मोटरसाइकिल समेत करीब 19 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में जांजगीर जिले में दिन के समय चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके विरुद्ध वर्ष 2022-23 में दर्ज 19 प्रकरणों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिनमें मामले विचाराधीन बताए गए हैं।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से बिलासपुर जिले के कोटा, रतनपुर, बिल्हा, पचपेड़ी और बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में दिन के समय सूने मकानों में चोरी की घटनाएं हो रही थीं। आरोपी मकानों में ताला लगा देखकर उसे तोड़ते और अंदर रखी पेटियों तथा आलमारियों से सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी रकम चोरी कर फरार हो जाते थे।

लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसीसीयू नोडल अधिकारी एवं सीएसपी सुदीप सरकार तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में कोटा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस कोरबा जिले के आरोपियों तक पहुंची। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।

दोपहर में सूने मकानों को बनाते थे निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से ग्रामीण क्षेत्रों में घूमते थे। दोपहर के समय जब ग्रामीण खेती-किसानी अथवा अन्य कामों से घर से बाहर चले जाते थे, तब वे सूने मकानों और उनमें लगे तालों को देखकर चोरी के लिए निशाना बनाते थे। इसके बाद ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी रकम चोरी कर लेते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बिलासपुर जिले में नौ और कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

चोरी की रकम से खरीदी क्रेटा कार और बुलेट

पुलिस के मुताबिक, आरोपी विनोद कुमार वासुदेव ने चोरी की रकम से सफेद रंग की क्रेटा कार खरीदी थी और उसकी किस्तों का भुगतान भी उसी रकम से किया था। वहीं, आरोपी राज प्रजापति उर्फ लल्लू ने चोरी की रकम से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी तथा उसकी किस्तें भी चोरी की रकम से चुकाने की बात सामने आई। पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए क्रेटा कार और बुलेट मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।

ये तीन आरोपी गिरफ्तार

  1. विनोद कुमार वासुदेव, पिता सुखीराम वासुदेव, उम्र 33 वर्ष।
  2. भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी, पिता चित्रभान सिंह राठौर, उम्र 43 वर्ष।
  3. राज प्रजापति उर्फ लल्लू, पिता बलराम प्रजापति, उम्र 19 वर्ष।

तीनों आरोपी डिपरपारा, ग्राम मानिकपुर, चौकी मानिकपुर, थाना सिटी कोतवाली, जिला कोरबा के निवासी हैं।

सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और वाहन जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित संपत्ति जब्त की है—

  • सफेद रंग की क्रेटा कार — लगभग 10 लाख रुपये।
  • बुलेट मोटरसाइकिल — लगभग 1.50 लाख रुपये।
  • होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल — लगभग 1 लाख रुपये।
  • सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण — लगभग 6 लाख रुपये।
  • नकदी रकम — 1 लाख 30 हजार रुपये।
  • गुल्लक से प्राप्त सिक्के एवं छुट्टे पैसे — 1,250 रुपये।

जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 18 लाख 31 हजार 250 रुपये है।

10 मामलों में गिरफ्तारी, आगे भी जारी रहेगी जांच

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें कुल 10 चोरी के प्रकरणों में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी जांच में शामिल किया गया है। चोरी से अर्जित अन्य संपत्ति की जानकारी जुटाकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका,इस कार्रवाई में थाना कोटा के निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, प्रधान आरक्षक उमाशंकर राठौर, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह तथा आरक्षक धीरेंद्र तोमर, महादेव कुजूर, भास्कर साहू, अविनाश कश्यप और समर बहादुर का सराहनीय योगदान रहा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,