""""8 NEWS CG -""""डायल 112 की तत्परता से टली लूटपाट की वारदात, मजदूर की गर्दन पर चाकू अड़ाने वाला युवक गिरफ्तार,,,,
डायल 112 की तत्परता से टली लूटपाट की वारदात, मजदूर की गर्दन पर चाकू अड़ाने वाला युवक गिरफ्तार
बिलासपुर-न्यायधानी बिलासपुर में देर रात एक मजदूर को चाकू की नोक पर लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। काम खत्म कर खाना खाने जा रहे मजदूर को नर्मदा नगर स्थित मंगला अस्पताल के पास एक युवक ने रोक लिया और उसकी गर्दन के पास चाकू अड़ाकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपी जान से मारने की धमकी भी देने लगा। इसी बीच मौके पर डायल 112 की पेट्रोलिंग गाड़ी पहुंच गई। पुलिस वाहन को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस की समय पर पहुंचने से मजदूर संभावित वारदात का शिकार होने से बच गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार महरा (23), पिता द्वारिका प्रसाद महरा, निवासी ग्राम विध्यांसार, सकरी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के मुताबिक, 20 और 21 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच वह काम खत्म करने के बाद खाना खाने के लिए पैदल जा रहा था। इसी दौरान जब वह नर्मदा नगर स्थित मंगला अस्पताल के पास पहुंचा, तभी एक युवक हाथ में चाकू लेकर उसके पास आया। आरोपी ने चाकू गर्दन के पास अड़ाकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी तथा जान से मारने की धमकी देने लगा।इसी बीच डायल 112 का वाहन मौके पर पहुंच गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन डायल 112 के जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान राजा देवांगन (23), पिता मंगल देवांगन, निवासी जबड़ापारा मिश्रा मोहल्ला, सरकंडा के रूप में हुई। आरोपी नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर उसे सिविल लाइन पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी राजा देवांगन के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।डायल 112 की मुस्तैदी से टली वारदात,,देर रात सुनसान रास्ते पर मजदूर के साथ हुई इस घटना में डायल 112 की त्वरित कार्रवाई अहम रही। पुलिस वाहन के समय पर पहुंचने और जवानों की तत्परता से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिससे पीड़ित को तत्काल राहत मिली।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें