""""8 NEWS CG -"""बिरयानी खाने के लिए लूटपाट, विरोध करने पर चाकू से हत्या; 24 घंटे में मामले का खुलासा,,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
बिरयानी खाने के लिए लूटपाट, विरोध करने पर चाकू से हत्या; 24 घंटे में मामले का खुलासा
रायगढ़ पुलिस ने एक युवक और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया, हत्या में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और रक्तरंजित कपड़े जब्त
बिलासपुर /रायगढ़- ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के हत्या मामले का रायगढ़ की जूटमिल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय युवक राजेश्वर सारथी उर्फ समारू और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने बिरयानी खाने के लिए रुपये जुटाने के इरादे से सड़क किनारे ट्रक के पास सो रहे व्यक्ति से लूटपाट करने की कोशिश की थी। विरोध करने पर एक बालक ने बटन चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 की सुबह जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष आंकी गई। उसके सीने, कंधे सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के निशान मिले। पहचान नहीं होने के कारण शव को मरच्युरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताए जाने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 656/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिसमामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने घटनास्थल पहुंचकर जांच टीम को आवश्यक निर्देश दिए। थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान घटना में किशोरों के शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई क्षेत्र में दबिश देकर एक युवक और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया।
जेब से रुपये निकालने के दौरान जागा व्यक्ति, विरोध पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और रुपये जुटाने के लिए चोरी तथा लूटपाट जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। 23 अक्टूबर की रात करीब एक बजे बिरयानी खाने के लिए पैसे जुटाने की योजना बनाई गई। इसके बाद दो आरोपी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचे, जबकि तीन अन्य भी उनके पीछे वहां पहुंच गए।
वहां सड़क किनारे खड़े ट्रक के पास एक व्यक्ति सोता हुआ दिखाई दिया। आरोपियों ने उसकी जेब से रुपये और मोबाइल निकालने की कोशिश की। इसी दौरान व्यक्ति जाग गया और विरोध करने लगा। आरोप है कि एक विधि से संघर्षरत बालक ने बटन चाकू से उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई वार कर दिए। इसके बाद आरोपी उसकी जेब से 700 रुपये लेकर वहां से चले गए और रकम आपस में बांट ली।
चाकू, मोटरसाइकिल और रक्तरंजित कपड़े जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बटन चाकू, मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पूर्व में भी संगठित होकर अपराध करने संबंधी जानकारी के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 भी जोड़ी गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले का शीघ्र खुलासा करने वाली पुलिस टीम को उचित इनाम देने की घोषणा की है। साथ ही महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध कराने वाले नागरिकों को सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिव्या बंजारे, वेदवती कुमेटी, एएसआई राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, राजेश पटेल, लोमश राजपूत तथा आरक्षक नरेश रजक, सुशील यादव, तरुण महिलाने, संजय एक्का, शांति मिरी और परमानंद पटेल की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध कर कानून से बचने की मंशा रखने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें