""""8 NEWS CG -""""बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई: हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, चोरी के 6 आरोपी जेल भेजे गए; हथियार लहराने वाले 3 मामलों में 7 पर कार्रवाई,,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई: हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, चोरी के 6 आरोपी जेल भेजे गए; हथियार लहराने वाले 3 मामलों में 7 पर कार्रवाई

बिलासपुर- जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की है। मेंड्रा में बच्ची को ले जाने के प्रयास के दौरान बचाव करने आई दादी पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, चकरभाठा पुलिस ने चोरी के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बिल्हा पुलिस ने चार स्थायी वारंट तामील किए और दो अलग-अलग मामलों में चाकू लहराने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया। सकरी पुलिस ने तलवार लहराकर लोगों को डराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

मेंड्रा में बच्ची को बचाने आई दादी की मौत, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर-सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा में 17 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे एक गंभीर घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय प्रशांत शुक्ला पुरानी रंजिश के चलते पड़ोस के घर में खेल रही तीन वर्षीय बच्ची को धारदार हथियार के साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। बच्ची की मां और दादी राजकुमारी यादव (56 वर्ष) ने उसे रोकने की कोशिश की।इसी दौरान आरोपी ने राजकुमारी यादव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी प्रशांत शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ऑपरेशन बाज के तहत बिल्हा पुलिस ने चार स्थायी वारंट किए तामील
बिलासपुर-ऑपरेशन बाज के तहत बिल्हा पुलिस ने स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाकर चार वारंट तामील किए। पुलिस के अनुसार, संबंधित आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और सूचना तंत्र की मदद से उनकी तलाश की गई।पुलिस ने जयंत भास्कर (32), संजू डहरिया (15), सूरज मरावी (20) और मंगलदास डहरिया (61) को पकड़ा। ये आरोपी क्रमशः निपनिया, झाल, खम्हारडीह और बरतोरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, संबंधित मामले नकबजनी, आबकारी और विद्युत अधिनियम से जुड़े हैं।चारों को 18 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के भीतर बिल्हा थाना क्षेत्र में कुल 10 स्थायी वारंट तामील किए जा चुके हैं। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश और मार्गदर्शन में की गई।
 चकरभाठा में बाइक चोरी का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर- चकरभाठा पुलिस ने एयरपोर्ट तिराहे से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक बैटरी बरामद की है।पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी शिव शंकर सिंगरौले ने 17 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 अक्टूबर को एयरपोर्ट तिराहे के पास सड़क किनारे खड़ी उनकी होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मिलकर होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पूछताछ के दौरान एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल और बैटरी चोरी करने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस ने अमन वर्मा (23), रंजीत श्रीवास (23), आशीष वर्मा (22), अजय उर्फ अज्जू वर्मा (28), नरेश गोड़ (23) और मानस यादव (20) को गिरफ्तार किया।आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

सकरी में तलवार लहराकर लोगों को डराने का आरोप, युवक गिरफ्तार
बिलासपुर-सकरी थाना क्षेत्र में महामाया मंदिर के पास तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इन्द्रकुमार साहू उर्फ इन्दु उर्फ बिट्टू साहू (27 वर्ष), निवासी पुराना बाजार के पास, सकरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी महामाया मंदिर के पास लोहे की तलवार लहराकर लोगों को डरा रहा है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और उसके कब्जे से धारदार तलवार जब्त की।आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध क्रमांक 970/2026 दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बिल्हा में सरप्राइज चेकिंग के दौरान चाकू लहराते दो युवक गिरफ्तार
बिलासपुर- नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए बिल्हा पुलिस द्वारा की जा रही सरप्राइज चेकिंग के दौरान दो युवकों को चाकू लहराते पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो स्टील के चाकू और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को डोडकीभाठा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG10BR 5190 पर सवार एक युवक और पैदल जा रहा दूसरा युवक संदिग्ध स्थिति में चाकू लहराते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान आकाश सारथी (20) और मनीष सागर (20), निवासी आमापारा, बिल्हा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अलग-अलग अपराध क्रमांक 556/2026 और 557/2026 दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।पुलिस का कहना है कि जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, चोरी की घटनाओं के खुलासे और अवैध हथियार रखने या सार्वजनिक स्थानों पर लहराने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,