""""8 NEWS CG -""""न्यायधानी से राजधानी तक पुलिस का बड़ा एक्शन:जेल की सघन तलाशी से अपहरण के त्वरित खुलासे तक,हत्या,चोरी,साइबर ठगी,अवैध शराब और धोखाधड़ी पर पुलिस का शिकंजा,,,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,,
न्यायधानी से राजधानी तक पुलिस का बड़ा एक्शन: जेल में औचक तलाशी से लेकर अपहरण, हत्या, चोरी, साइबर ठगी, अवैध शराब और धोखाधड़ी के मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई

केंद्रीय जेल रायपुर में औचक निरीक्षण, 50 जवानों ने चार घंटे तक की सघन तलाशी,,,,
डीसीपी क्राइम, सेंट्रल जोन और एडीएम के नेतृत्व में संयुक्त अभियान; महिला बैरक की भी अलग टीम ने की जांच, नहीं मिली कोई प्रतिबंधित सामग्री,,,,
रायपुर-केंद्रीय जेल रायपुर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की संयुक्त टीम ने शनिवार को जेल परिसर में औचक निरीक्षण एवं सघन तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई डीसीपी क्राइम आईपीएस स्मृतिक राजनाला, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल तथा एडीएम उमाशंकर बांधे के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली।
अभियान में करीब 50 पुलिस जवानों के साथ एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सेंट्रल जोन के विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने जेल परिसर और अलग-अलग बैरकों में एक साथ पहुंचकर कैदियों के सामान तथा बैरक परिसर की बारीकी से तलाशी ली।
तलाशी अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं, जिन्होंने समानांतर रूप से विभिन्न बैरकों की जांच की। महिला बैरक के लिए पृथक टीम गठित कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप विशेष चेकिंग कराई गई।
अभियान की निगरानी अतिरिक्त डीसीपी सेंट्रल जोन विवेक शुक्ला, अतिरिक्त डीसीपी एसीसीयू गौरव मंडल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा एवं प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने की।पुलिस के अनुसार सघन तलाशी के दौरान कोई विशेष आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता एवं नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
12 घंटे में अपहरण की कड़ी सुलझी, रायपुर से मिर्जापुर तक पुलिस की कार्रवाई,,,,,
CCTV और तकनीकी सर्विलांस से UP तक पहुंची पुलिस, अहरौरा में स्कॉर्पियो रोककर तीन आरोपी हिरासत में,,,
रायपुर-खमतराई थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज करीब 12 घंटे में मामले की कड़ी जोड़ ली। CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस, वाहन की ट्रैकिंग और अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय के जरिए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश तक पहुंची, जहां मिर्जापुर जिले के अहरौरा क्षेत्र में संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया।जानकारी के अनुसार 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे डीएम टावर, रांवाभाठा निवासी अनिता राय ने अपने पति प्रतीक राय के घर वापस नहीं लौटने और मोबाइल बंद होने की सूचना खमतराई पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले।फुटेज के विश्लेषण में सामने आया कि उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे प्रतीक राय को काले रंग की उत्तर प्रदेश पासिंग स्कॉर्पियो में सवार तीन अज्ञात व्यक्ति जबरदस्ती अपने साथ ले गए थे।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन एवं एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में खमतराई पुलिस ने वाहन की तकनीकी निगरानी शुरू की।वाहन के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी मिलने पर वहां की पुलिस से संपर्क किया गया। अहरौरा पुलिस सहित संभावित मार्ग में पड़ने वाले चौपन और रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को भी वाहन की जानकारी देकर अलर्ट किया गया।लगातार तकनीकी एवं टोल संबंधी जानकारी साझा किए जाने के बाद अहरौरा पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया और उसमें सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में वाहन एवं पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद की बात सामने आई है। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अभय सिंह, बृहस्पत देव सिंह और आदर्श सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के लिए रायपुर लाने पुलिस टीम उत्तर प्रदेश से रवाना हो चुकी है।इस कार्रवाई में खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 6 राज्यों में ₹91.85 लाख की साइबर ठगी से जुड़े म्यूल अकाउंट का खुलासा,,,,
सिटी कोतवाली और साइबर सेल राजनांदगांव की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया,,,
राजनांदगांव-साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के माध्यम से आगे ट्रांसफर करने वाले म्यूल अकाउंट के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार जांच में छह राज्यों से जुड़े साइबर धोखाधड़ी के मामलों में कुल ₹91.85 लाख की राशि के लेनदेन में एक बैंक खाते के इस्तेमाल का पता चला। मामले में धनीराम सिन्हा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस के मुताबिक भारत सरकार के गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्ध बैंक खातों की जांच की गई। जांच में ICICI बैंक के खातों के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त रकम को प्राप्त करने और आगे हस्तांतरित किए जाने की जानकारी सामने आई।इस आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 611/26 के तहत धारा 317(4), 317(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान धनीराम सिन्हा, निवासी ग्राम जामरी, थाना डोंगरगढ़ को तलब कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।क्या होता है म्यूल अकाउंट?,,,म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते को कहा जाता है, जिसका इस्तेमाल साइबर अपराधी ठगी अथवा अन्य अवैध गतिविधियों से प्राप्त रकम को जमा करने, दूसरे खातों में भेजने या निकालने के लिए करते हैं। कई मामलों में खाताधारक लालच, कमीशन या अन्य प्रलोभन के कारण अपना खाता उपलब्ध कराते हैं।राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अन्य व्यक्ति को अपना बैंक खाता, ATM कार्ड, चेकबुक या मोबाइल सिम इस्तेमाल करने के लिए न दें। संदिग्ध लेनदेन की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा साइबर सेल को दें।रतनपुर में दो चोरियां कुछ ही घंटों में सुलझीं, ₹2.14 लाख का माल बरामद,,,,
दो घरों और कबीर आश्रम में चोरी का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजे गए,,,,
बिलासपुर- रतनपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े एवं नगदी समेत करीब ₹2.14 लाख का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर की रात ढोलपारा रतनपुर निवासी बलराम बरगाह के घर में चोरी हुई। सुबह घर का दरवाजा खुला मिला और पेटी में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब 10-12 साड़ियां गायब मिलीं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब ₹1.60 लाख बताई गई।
इसी रात सदगुरु कबीर आश्रम के कमरे का ताला तोड़कर करीब 500 ग्राम वजन का चांदी का छत्र भी चोरी कर लिया गया, जिसकी कीमत लगभग ₹80 हजार बताई गई।
दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति सोने-चांदी के सामान को कम कीमत पर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण, कपड़े एवं नगदी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामकुमार केंवट और जोतराम केंवट, दोनों निवासी रतनपुर के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक देवानंद चंद्राकर एवं आकाश डोंगरे की भूमिका रही।

मोबाइल रिपेयरिंग दुकान से पार्ट्स चोरी, दो कर्मचारी गिरफ्तार
मालिक के बाहर जाने पर दुकान से मोबाइल कॉम्बो और अन्य सामान निकालने का आरोप,,,,
बिलासपुर- तारबाहर थाना पुलिस ने राजीव प्लाजा स्थित जीएम मोबाइल दुकान से मोबाइल रिपेयरिंग सामान चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी दुकान में काम करते थे और दुकान संचालक के बाहर रहने के दौरान सामान चोरी करते थे।दुकान संचालक निरंकार चंद्रमलघानी ने पुलिस को शिकायत दी कि वह अपने पिता के उपचार के लिए बाहर गया था। इसी दौरान दुकान में काम करने वाले नितेश गुप्ता, साहिल नरवारे और सचिन श्रीवास द्वारा दुकान से करीब 15 से 20 बॉक्स मोबाइल कॉम्बो एवं अन्य सामान चोरी कर लिया गया।शिकायत के आधार पर तारबाहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत धारा 306 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपियों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया।मामले में नितेश गुप्ता उर्फ मोनू और सचिन श्रीवास उर्फ तरुण को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।एक साल पुराने हत्या मामले का खुलासा, शराब में कीटनाशक मिलाकर हत्या का आरोप,,,,
FSL रिपोर्ट बनी अहम वैज्ञानिक कड़ी, नैला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल,,,
जांजगीर-चांपा- चौकी नैला पुलिस ने करीब एक वर्ष पुराने हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक को शराब में कीटनाशक मिलाकर पिलाया गया था। FSL रिपोर्ट में कीटनाशक की पुष्टि होने के बाद मामले की जांच को महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य मिला।घटना 22 मई 2025 की है। हाथीटिकरा निवासी 55 वर्षीय रामायण सूर्यवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू मृतक को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी अंग्रेजी शराब अपने साथ लेकर गया और उसमें कीटनाशक मिलाकर मृतक को पिला दिया।
तबीयत बिगड़ने पर परिजनों की मदद से मृतक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मर्ग जांच के दौरान शव का पोस्टमार्टम कराया गया और विसरा रासायनिक परीक्षण के लिए FSL बिलासपुर भेजा गया। FSL रिपोर्ट में कीटनाशक की पुष्टि होने के बाद मामले में धारा 103(1) बीएनएस एवं SC/ST Act की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।
गवाहों के कथनों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को उसके निवास से पकड़ा। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई। मामले में घटना में प्रयुक्त तीन पहिया स्कूटी भी जप्त की गई।आरोपी सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव एवं थाना स्टाफ का योगदान रहा।

सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार
मुलमुला पुलिस ने टुल्लू पंप, पंखा, नगदी और चोरी की मोटरसाइकिल किया""बरामद ,,,,
जांजगीर-चांपा- मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम पकरिया में सूने मकान में चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से टुल्लू पंप, पुराना पंखा, नगदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।प्रार्थिया रामेश्वरी सुमन ने पुलिस को बताया कि 3 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे वह अपने पुराने मकान में पहुंचीं तो घर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था। जांच में स्टैंड पंखा, टुल्लू पंप और पेटी में रखी नगदी गायब मिली।पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बनाहिल चौक के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप वैष्णो, दिनेश देवार और करण देवार के रूप में हुई है। विवेचना में यह भी सामने आया कि चोरी की वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल स्वयं चोरी की थी और उसके संबंध में थाना उरला, रायपुर में मामला दर्ज था।तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, प्रधान आरक्षक अवधेश तिवारी एवं थाना स्टाफ की भूमिका रही।

‘ऑपरेशन आघात’ में जूटमिल पुलिस की कार्रवाई, 48 घंटे में अवैध शराब जब्त,,,,
पांच आरोपियों पर आबकारी कार्रवाई, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर भी शिकंजा,,,,,
रायगढ़- नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जूटमिल पुलिस ने पिछले 48 घंटे में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 56.605 लीटर अवैध शराब जब्त करने की जानकारी दी है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने वाले पांच लोगों के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
1 अक्टूबर को संत विनोबा नगर में स्वपनेन्द्र कुमार दत्ता के कब्जे से 187 पाव और 11 बोतल शराब, जिसकी कीमत करीब ₹18,600 बताई गई, तथा ₹1,200 बिक्री रकम जब्त की गई।2 अक्टूबर को समाधि गली कयाघाट स्थित किराना दुकान से आनंद टण्डन के कब्जे से 24 पाव शराब एवं ₹300 बिक्री रकम बरामद की गई।अम्बेडकर नगर डिपापारा में पुरोहित भारद्वाज के कब्जे से 40 पाव रोमियो प्लेन शराब बरामद की गई। वहीं झोपड़ीपारा में खेमनाथ साव के कब्जे से 35 पाव शराब तथा फटहामुड़ा पानी टंकी के पास घनश्याम राजभर से 29 पाव शराब बरामद की गई।
पुलिस ने सभी मामलों में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की।इसके अलावा कयाघाट मुक्तिधाम के पास सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए गए विकास बसंत, मोहम्मद रियाज्जुद्दीन, साहेबराम बसंत, मोहम्मद यासिन गनी और नरेन्द्र सोनवरकर के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।जूटमिल पुलिस के अनुसार अवैध शराब, मादक पदार्थों की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा कमीशन पर फर्म का माल बेचकर ₹3.70 लाख हड़पने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार,,,,,
बिक्री की रकम फर्म में जमा करने के बजाय खुद रखने का मामला, पुलगांव पुलिस की कार्रवाई,,,,
दुर्ग-पुलगांव थाना पुलिस ने फर्म के वॉशिंग पाउडर और साबुन की बिक्री से प्राप्त रकम कथित तौर पर अपने पास रखकर ₹3,70,049 की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।शिकायतकर्ता दिव्यांश कुकरेजा ने पुलिस को बताया कि आरोपी आकाश शुक्ला फर्म शिवम शुभ शॉप एवं केमिकल वर्क्स, चंदखुरी में कमीशन के आधार पर काम करता था। आरोपी फर्म का माल विभिन्न व्यावसायिक पार्टियों को सप्लाई करता था और उनसे प्राप्त बिक्री राशि फर्म में जमा करने के बजाय अपने पास रख लेता था।पुलिस जांच के अनुसार विभिन्न पार्टियों से प्राप्त रकम के साथ 28 अप्रैल 2026 को अग्रवाल किराना स्टोर, लवन के लिए भेजी गई 122 बोरी वॉशिंग पाउडर की बिक्री राशि भी आरोपी द्वारा अपने पास रखे जाने के तथ्य सामने आए। कुल राशि ₹3,70,049 बताई गई है।शिकायत की जांच में तथ्य पाए जाने के बाद थाना पुलगांव में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। आरोपी आकाश शुक्ला, उम्र 34 वर्ष, निवासी चंगोराभाठा रायपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस के अनुसार मामले में दस्तावेजी एवं लेन-देन संबंधी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना जारी है। कार्रवाई में थाना पुलगांव प्रभारी उनि गुरविंदर सिंह संधू, सउनि बाबूलाल साहू एवं थाना स्टाफ की भूमिका रही।

 अपहृता बरामद, दुष्कर्म और धमकी के आरोप में दो गिरफ्तार,,,,,
बाराद्वार पुलिस ने कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा,,,,
सक्ती-बाराद्वार थाना पुलिस ने घर से लापता हुई 18 वर्ष से अधिक आयु की युवती को बरामद कर उसके कथन के आधार पर दुष्कर्म, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर की रात युवती के घर से बिना बताए चले जाने के बाद परिजनों ने थाना बाराद्वार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर युवती की लगातार तलाश की।इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रानीगांव निवासी हरिश साहू अपने साथी प्रताप सिंह कंवर के साथ युवती को अपने घर ले गया है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हरिश के घर से युवती को बरामद किया।महिला पुलिस अधिकारी द्वारा संवेदना कक्ष में युवती का कथन कराया गया। पुलिस के अनुसार युवती ने सोशल मीडिया के माध्यम से हरिश साहू से पहचान होने तथा उसे अपने साथ रानीगांव ले जाने की बात बताई। उसके कथन के आधार पर मामले में संबंधित धाराएं जोड़ी गईं।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिश साहू और प्रताप सिंह कंवर, दोनों निवासी रानीगांव, जिला सक्ती के रूप में हुई है।
दोनों को 2 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र यादव सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

₹500 के विवाद में वृद्ध महिला की हत्या का खुलासा, छह दिन में पुलिस ने सुलझाया अंधा कत्ल,,,,
उमरिया में महिला की हत्या के मामले में विधि से संघर्षरत बालक अभिरक्षा में, कपड़े बरामद,,,,,
मुंगेली-पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया में वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने छह दिन के भीतर खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार हत्या की वारदात गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक द्वारा की गई। प्रारंभिक जांच में मोबाइल छुड़ाने के लिए ₹500 मांगने और रुपये नहीं मिलने पर विवाद होने की बात सामने आई है।27 सितंबर को दिव्या भारती ने चौकी साकेत में अपनी मौसी सोनकलिया बाई डहरिया की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मर्ग जांच एवं पंचनामा कार्रवाई के बाद हत्या का अपराध दर्ज किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। परिजनों, ग्रामीणों और गवाहों के बयान लिए गए तथा फॉरेंसिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गांव के एक विधि से संघर्षरत बालक पर संदेह गया। उसे उसके पिता/संरक्षक के साथ बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में बालक ने बताया कि उसने गिरवी रखा मोबाइल छुड़ाने के लिए मृतिका से ₹500 मांगे थे। रुपये नहीं मिलने पर गुस्से में उसने हंसिया से हमला कर दिया।बालक की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए टी-शर्ट और जींस बरामद किए गए। पुलिस ने आवश्यक सामाजिक पृष्ठभूमि पत्र तैयार कर बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के समक्ष पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।कार्रवाई में पथरिया थाना प्रभारी निरीक्षक पवन देवांगन, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी, सउनि रोशन टंडन सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ₹7 लाख की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, रतनपुर बस स्टैंड से पकड़ा गया,,,,,
मकान-जमीन और मलबा बेचने का इकरारनामा कर राशि लेने के बाद जमीन अन्य व्यक्ति को बेचने का आरोप,,,,
कोरबा-बालकोनगर थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी पुलिस ने ₹7 लाख की धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी को रतनपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर मकान, जमीन एवं मलबा बेचने का इकरारनामा कर राशि लेने के बाद संपत्ति किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का आरोप है।शिकायतकर्ता सिकंदर की रिपोर्ट के अनुसार हनुमान प्रसाद यादव और उसकी पत्नी अनीता यादव ने 22 नवंबर 2023 को मकान, जमीन एवं मलबे की बिक्री को लेकर इकरारनामा किया था। इसके एवज में शिकायतकर्ता से ₹7 लाख लिए गए। आरोप है कि राशि लेने के बाद न तो संपत्ति की रजिस्ट्री कराई गई और न ही मलबा उपलब्ध कराया गया। बाद में जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की बात सामने आई।शिकायत के आधार पर रजगामार चौकी में अपराध क्रमांक 80/2026, धारा 420, 34 IPC के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।1 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश से वापस आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रतनपुर बस स्टैंड में बस से उतरते समय हनुमान प्रसाद यादव को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ NI Act की धारा 138 से संबंधित तीन स्थायी वारंट भी लंबित थे, जो वर्ष 2022 और 2024 के चेक बाउंस मामलों से जुड़े थे।आरोपी को 2 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 16 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। कार्रवाई में रजगामार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक विनोद सिंह एवं प्रधान आरक्षक केरोबीन की भूमिका रही।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,