""""8 NEWS CG -""""न्यायधानी में अपराध पर पुलिस का शिकंजा, सड़क हादसे में मौत से लेकर चोरी के खुलासे तक बड़ी कार्रवाई""""ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल"""पूजा स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को राहत"""ओवरब्रिज की मांग और जनदर्शन में मदद की गुहार.....

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
न्यायधानी में अपराध पर पुलिस का शिकंजा, सड़क हादसे में मौत से लेकर चोरी के खुलासे तक बड़ी कार्रवाई; ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल, पूजा स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को राहत, ओवरब्रिज की मांग और जनदर्शन में मदद की गुहार.....शराब के नशे में तेज रफ्तार बाइक बनी हादसे की वजह, युवक की मौत,,,,
स्कूटी से हुई जोरदार भिड़ंत में दो लोग घायल, पुलिस ने मामला दर्ज किया,,,,,,
बिलासपुर-नेहरू चौक के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक चालक युवक की मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे में बाइक चालक भरत साहू (28) को गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार रतनपुर निवासी भरत साहू लिंगियाडीह में रहता था। रविवार रात वह अपने दोस्त हर्ष साहू के साथ बाइक क्रमांक CG 10 EJ 4903 से मुंगेली नाका की ओर से नेहरू चौक जा रहा था। इसी दौरान सामने से यदुनंदन नगर निवासी मयंक सिंह अपने पिता श्याम सिंह के साथ स्कूटी क्रमांक CG 10 BP 8895 से आ रहे थे। तेज रफ्तार के कारण भरत बाइक को नियंत्रित नहीं कर सका और स्कूटी से टक्कर हो गई।टक्कर के बाद दोनों वाहनों के सवार सड़क पर गिर पड़े। भरत के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान भरत की मौत हो गई।पुलिस जांच में वाहन चालक के शराब के नशे में होने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के मामले में संबंधित चालक सहित मृतक बाइक चालक भरत साहू के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
त्योहारी सीजन में यात्रियों को राहत, हटिया-एलटीटी के बीच चलेगी पूजा स्पेशल,,,,,
बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, रायगढ़ और गोंदिया में रहेगा ठहराव
बिलासपुर-त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हटिया और लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन का दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव रहेगा।ट्रेन क्रमांक 08609 हटिया-एलटीटी पूजा स्पेशल 12, 19 और 26 अक्टूबर को हटिया से रवाना होगी। वापसी में ट्रेन क्रमांक 08610 एलटीटी-हटिया पूजा स्पेशल 13, 20 और 27 अक्टूबर को एलटीटी से चलेगी।हटिया से रवाना होने के बाद ट्रेन रात 11.03 बजे रायगढ़, अगले दिन रात 1.15 बजे बिलासपुर, 2.55 बजे रायपुर और 3.55 बजे दुर्ग पहुंचेगी। इसके बाद गोंदिया होते हुए अगले दिन रात 10.10 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।वापसी में एलटीटी से चलकर ट्रेन गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ होते हुए तीसरे दिन सुबह 4.30 बजे हटिया पहुंचेगी। ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इनमें सामान्य, स्लीपर, एसी-3, एसी-2 तथा एसी प्रथम सह द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल हैं।रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन दिवस और समय की जानकारी NTES अथवा RailOne ऐप से जांचने की सलाह दी है।

चोरी की एक्टिवा से खुला राज, 19 वर्षीय सुमित ठाकुर गिरफ्तार,,,,,
नाबालिग साथी पहले ही पकड़ा गया, आरोपी के मेमोरेंडम पर वाहन बरामद,,,
बिलासपुर- सरकंडा थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर एक्टिवा चोरी करने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय सुमित ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। चोरी की एक्टिवा भी बरामद कर ली गई है।पुलिस के अनुसार प्रार्थिया प्रीति यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त की रात से 7 सितंबर की सुबह के बीच अटल आवास, जोरापारा चौबे कॉलोनी स्थित उनके घर का मुख्य दरवाजा और गेट का ताला तोड़कर नीले रंग की एक्टिवा क्रमांक CG 10 BW 9754 चोरी कर ली गई। वाहन की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई।मामले में अपराध क्रमांक 1301/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को चोरी की एक्टिवा बेचने के लिए ग्राहक तलाशते पकड़ा। उसके मेमोरेंडम के आधार पर बिना नंबर प्लेट के छिपाकर रखी गई एक्टिवा बरामद की गई। पूछताछ में उसने चोरी की योजना में रघु बिहार, अशोक नगर निवासी सुमित ठाकुर के शामिल होने की जानकारी दी।इसके बाद पुलिस ने 5 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर सुमित ठाकुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में वारदात में शामिल होना स्वीकार करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ट्रैफिक चालान पर बवाल, रोती महिलाओं ने पूछा—10-12 हजार का जुर्माना कैसे भरें?
वीडियो वायरल होने के बाद चालानी कार्रवाई और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल,,,,,
बिलासपुर-शहर में ट्रैफिक जाम और यातायात व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच ट्रैफिक थाने में दो महिलाओं के रोने-बिलखने का वीडियो सामने आने के बाद चालानी कार्रवाई चर्चा में आ गई है। महिलाओं का कहना है कि उन पर हजारों रुपये का चालान किया गया है और इतनी बड़ी रकम चुकाना उनके लिए मुश्किल है। घटनाक्रम के दौरान महिलाओं के साथ एक छोटा बच्चा भी मौजूद था।वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यातायात पुलिस की कार्रवाई और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बहस शुरू हो गई है। नागरिकों का कहना है कि यातायात नियमों का पालन जरूरी है और नियम तोड़ने पर कार्रवाई भी होनी चाहिए, लेकिन चालान की राशि और कार्रवाई की प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता भी जरूरी है।शहर में मैनुअल चालानी कार्रवाई के साथ आईटीएमएस के माध्यम से भी नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद राजकिशोर नगर, तोरवा छठघाट रोड, शनिचरी रपटा और रिवरव्यू-सिम्स तिराहा सहित कई इलाकों में जाम और यातायात दबाव की समस्या बनी रहने को लेकर नागरिक सवाल उठा रहे हैं।चौराहों की बैरिकेडिंग पर भी सवाल,,दयालबंद-लिंगियाडीह पुल, कांग्रेस भवन-कुड़ूदंड चौक, छत्तीसगढ़ भवन तिराहा और आबकारी वेयर हाउस चौक सहित कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग तथा आवागमन में बदलाव को लेकर भी नागरिकों ने सवाल उठाए हैं। जूना बिलासपुर, जवाली पुल और नदी किनारे बन रही सड़कों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के बीच लोगों का कहना है कि यातायात बदलाव के साथ वैकल्पिक मार्ग और ट्रैफिक दबाव का पूर्व आकलन जरूरी है।जनता का सवाल—चालान के साथ ट्रैफिक सुधार कब?नागरिकों का कहना है कि चालानी कार्रवाई यातायात नियमों के पालन के लिए जरूरी है, लेकिन इसके साथ पार्किंग, सड़क क्षमता, चौराहों का प्रबंधन और जाम वाले स्थानों का स्थायी समाधान भी होना चाहिए। अब बहस इस बात को लेकर है कि चालान व्यवस्था के साथ शहर की मूल यातायात समस्याओं का समाधान किस तरह किया जाएगा।

सूने मकान को बनाया निशाना, पड़ोसन ने चुराई सोने की चेन,,,,,
सरकंडा पुलिस ने 29 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर 38 हजार का जेवर बरामद किया,,,,
बिलासपुर-सरकंडा थाना क्षेत्र के विजयापुरम अटल आवास में सूने मकान से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली 29 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 38 हजार रुपये कीमत की चोरी गई सोने की चेन बरामद की है।पुलिस के अनुसार प्रार्थिया चंचल संतवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मां 9 सितंबर को अयोध्या यात्रा पर जाने से पहले घर के कीमती जेवर लॉकर में रखकर चाबी अलमारी में कपड़ों के नीचे छिपाकर गई थीं। 29 सितंबर को अलमारी की जांच करने पर जेवर बॉक्स खाली मिला।
मामले में अपराध क्रमांक 1409/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को पड़ोस में रहने वाली कामनी बरानी पर संदेह हुआ। पूछताछ में महिला ने चोरी करना स्वीकार किया।पुलिस के मुताबिक आरोपी को घर के सूने रहने और चाबी छिपाने की जगह की जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने घर में प्रवेश कर सोने की चेन चोरी की।आरोपी कामनी बरानी पति रवि बरानी, उम्र 29 वर्ष, निवासी विजयापुरम अटल आवास, ब्लॉक ई, मकान नंबर 08, थाना सरकंडा को 5 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया!


सागरदीप कॉलोनी में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार,,,,,
6 लाख के सोने-चांदी के जेवर व नकदी बरामद, वारदात में प्रयुक्त बुलेट जब्त,,,,,
बिलासपुर- सकरी थाना क्षेत्र की सागरदीप कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 6 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है।पुलिस के अनुसार सागरदीप कॉलोनी निवासी वृंदावती मिश्रा कुछ समय के लिए अपने पैतृक गांव रीवा गई थीं। इसी दौरान उनके घर के कमरे में रखी अलमारी और लॉकर का ताला टूटा मिला। जांच करने पर सोने का हार, झुमके, माथा टीका, लेडीज व जेंट्स अंगूठियां, चांदी की पायल, पायजेब, बिछिया और करीब 12 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6.15 लाख रुपये बताई गई।मामले में अपराध क्रमांक 919/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।जांच के दौरान पुलिस ने आशीष मिश्रा, सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना और अनुराग चौधरी उर्फ लालू से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर सोने का हार, अंगूठी, झुमके और नकदी समेत करीब 6 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया। घटना में प्रयुक्त बुलेट क्रमांक CG 10 AZ 5100 भी जब्त की गई।गिरफ्तार आरोपियों में सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना (27), निवासी खोजी, थाना सिविल लाइन, आशीष मिश्रा (31), निवासी सागरदीप कॉलोनी उसलापुर और अनुराग चौधरी उर्फ लालू (23), निवासी उसलापुर शामिल हैं। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

खाना बनाने को लेकर कहासुनी के बाद लॉ स्टूडेंट की मौत,,
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती, सिम्स में उपचार के दौरान दम तोड़ा,,,,
बिलासपुर-बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम भटचौरा में खाना बनाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद 21 वर्षीय लॉ स्टूडेंट की मौत हो गई। रविवार को तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे मस्तूरी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस के अनुसार ग्राम भटचौरा निवासी विशंभर पुरैना किसान हैं। उनकी 21 वर्षीय बेटी सोनिया पुरैना बलौदाबाजार जिले के एक लॉ कॉलेज में अध्ययनरत थी। रविवार सुबह घर पर खाना बनाने को लेकर सोनिया की अपनी बड़ी बहन से कहासुनी हो गई।विवाद के बाद सोनिया की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल मस्तूरी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।सिम्स में उपचार के दौरान सोनिया की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पचपेड़ी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक कहासुनी के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है।
बेलतरा-बरभाठा मार्ग पर ओवरब्रिज की मांग, कलेक्टर से ग्रामीणों ने लगाई गुहार,,,,,
NH पार करना बना जोखिम, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठाई आवाज,,,,
बिलासपुर-बेलतरा-बरभाठा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी को देखते हुए ओवरब्रिज निर्माण की मांग तेज हो गई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है। साथ ही बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के माध्यम से भी आवश्यक पहल कराने का आग्रह किया गया है।ग्रामीणों के अनुसार बेलतरा से बरभाठा की ओर जाने वाले मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क पार करना विशेषकर बच्चों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि बरभाठा, ग्रामवासिया, सामटरी सहित आसपास के गांवों के लोग रोजमर्रा के काम के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों ने प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर/ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण पूरा होने तक स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के लिए अस्थायी सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने की मांग की है।

AIDSO प्रदर्शन और मल्हार स्कूल की समस्याएं,,,,
नाबालिग छात्रा से कथित सामूहिक अपराध के विरोध में AIDSO का प्रदर्शन,,,,,
दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट से सजा की मांग, मल्हार स्कूल की बदहाली पर भी उठाई आवाज,,,,
बिलासपुर- मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्रा से कथित सामूहिक अपराध के मामले के विरोध में छात्र संगठन AIDSO ने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से सजा दिलाने की मांग की है।AIDSO के अनुसार 29 सितंबर को 9वीं कक्षा की छात्रा के साथ रास्ते में कथित तौर पर मारपीट और नशीला पदार्थ देकर अपराध किए जाने की घटना सामने आई थी। संगठन ने मामले में निष्पक्ष जांच, महिला और बालिकाओं की सुरक्षा तथा नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।संगठन ने छत्तीसगढ़ में शराबबंदी और शराब दुकानों से संबंधित नीतियों पर भी अपनी मांगें रखीं। साथ ही अश्लील ऑनलाइन सामग्री पर रोक लगाने की मांग की गई।
मल्हार स्कूल की व्यवस्थाओं पर सवालAIDSO ने बिलासपुर के मल्हार स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। संगठन का आरोप है कि स्कूल में पेयजल, शौचालय की सफाई, पंखे और पर्याप्त शिक्षकों की कमी है। छात्रों से सैनिटरी पैड के लिए राशि लेने और निर्धारित शुल्क से अधिक फीस वसूली के आरोप भी लगाए गए हैं।संगठन ने शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।

दवा के लिए कलेक्टर जनदर्शन में गुहार,,,,
सिम्स में इलाज जारी, बाहर की दवाइयों का खर्च उठाने में असमर्थ मरीज ने जनदर्शन में लगाई गुहार
आर्थिक तंगी के चलते दवा खरीदना मुश्किल, प्रशासन से सहायता की मांग
बिलासपुर-आर्थिक तंगी के कारण उपचार के लिए जरूरी दवाइयां खरीद पाने में असमर्थ एक मरीज ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर प्रशासन से सहायता की मांग की है। रपटा चौक, चांटीडीह निवासी भारत लाल विश्वकर्मा ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर अपनी आर्थिक स्थिति से अवगत कराया।आवेदन के अनुसार भारत लाल विश्वकर्मा का चर्मरोग का उपचार सिम्स अस्पताल बिलासपुर में चल रहा है। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने कुछ दवाइयां बाहर से खरीदने के लिए लिखी हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह इन दवाइयों का खर्च वहन करने में असमर्थ हैं।
आवेदक ने बताया कि उपचार के लिए नियमित दवा लेना आवश्यक है, लेकिन आर्थिक अभाव के कारण दवा खरीदने में परेशानी हो रही है। इससे इलाज प्रभावित होने की चिंता बनी हुई है।भारत लाल विश्वकर्मा ने जनदर्शन में प्रशासन से आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने अथवा दवा खरीदने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने आर्थिक स्थिति को देखते हुए मानवीय आधार पर सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,