Bilaspur news-"बर्ड फ्लू प्रतिबंध से परेशान अंडा व्यापारी, कलेक्टर राहत की गुहार लगाने पहुंचे व्यापारी,,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
बर्ड फ्लू प्रतिबंध से परेशान अंडा व्यापारी, कलेक्टर राहत की गुहार लगाने पहुंचे व्यापारी,,,,,
बिलासपुर- जिले में बर्ड फ्लू संक्रमण के चलते 24 मार्च से लगाए गए प्रतिबंधों ने अंडा व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में अंडा व्यापारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द राहत देने की मांग की।
व्यापारियों ने बताया कि बर्ड फ्लू के चलते उनकी दुकानें पूरी तरह बंद पड़ी हैं, जिससे उनका कारोबार ठप हो गया है। नवरात्रि से पहले खरीदा गया अंडों का भारी स्टॉक दुकानों में रखा हुआ है, जो अब खराब होने की कगार पर पहुंच चुका है। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और कई व्यापारियों के सामने रोज़मर्रा के खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।
व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द कोई राहत नहीं मिली तो उनका व्यवसाय पूरी तरह चौपट हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें पहले से उपलब्ध स्टॉक को बेचने की अनुमति दी जाए, ताकि नुकसान को कुछ हद तक कम किया जा सके।
इसके साथ ही व्यापारियों ने यह भी मुद्दा उठाया कि शहर में बाहरी क्षेत्रों से अंडा और चूजा आने की जानकारी मिल रही है। ऐसे में स्थानीय व्यापारियों को भी तिल्दा, मुलमुला, रायपुर, सिमगा, राजनांदगांव, भिलाई और दुर्ग जैसे क्षेत्रों से अंडा एवं चूजा मंगाकर व्यापार करने की अनुमति दी जानी चाहिए, ताकि बाजार में समान अवसर बना रहे।
ज्ञापन में व्यापारियों ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि सुरक्षित तरीके से व्यापार संचालन के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, जिससे संक्रमण का खतरा भी नियंत्रित रहे और व्यापार भी जारी रह सके।
कलेक्टर कार्यालय पहुंचे व्यापारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा और उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।
इस दौरान प्रमुख रूप से संतोष छत्री, विनोद छत्री, मुकेश तीर्थनी, विनोद नेभानी, सतीश संतवानी, देवा नागपुरे, जय प्रकाश साहू, मोहम्मद जाफर, कमल यादव, सुरेंद्र देवगन, विक्की डगवानी, राकेश डगवानी, आशिफ खान, लालू साहू, अजय साहू और संजय साहू सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें