Bilaspur news-"NEET पेपर लीक पर बिलासपुर में बवाल: सांसद बंगले की ओर बढ़ी NSUI, पुलिस ने बरसाई लाठियां और पानी की बौछारें, धक्का-मुक्की में फटा विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
NEET पेपर लीक पर बिलासपुर में बवाल: सांसद बंगले की ओर बढ़ी NSUI, पुलिस ने बरसाई लाठियां और पानी की बौछारें, धक्का-मुक्की में फटा विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता
बिलासपुर- NEET पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को बिलासपुर में जबरदस्त राजनीतिक और छात्र संग्राम देखने को मिला। सांसद आवास घेराव के लिए निकले NSUI कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं का पुलिस से आमना-सामना हो गया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस को पहले वाटर कैनन चलानी पड़ी और बाद में लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास करना पड़ा। इस दौरान हुई जोरदार धक्का-मुक्की में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता भी फट गया।
पूरा घटनाक्रम कई घंटों तक शहर की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा। सांसद तोखन साहू के निवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे थे। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
छात्रों के भविष्य के नाम पर सड़क पर उतरा आक्रोश
NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर NSUI ने सांसद तोखन साहू के निवास का घेराव करने का ऐलान किया था। निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में छात्र, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और रैली के रूप में सांसद निवास की ओर कूच कर गए।
प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं और वे "पेपर लीक पर जवाब दो", "छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो" और "दोषियों को सजा दो" जैसे नारे लगा रहे थे। आंदोलनकारियों का कहना था कि लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और सरकार जवाबदेही से बच रही है।
बैरिकेड पर चढ़े कार्यकर्ता, पुलिस से सीधी भिड़ंत
जैसे ही प्रदर्शनकारी सांसद निवास की ओर बढ़े, रास्ते में पुलिस की बहुस्तरीय बैरिकेडिंग सामने आ गई। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाने और आगे बढ़ने की कोशिश शुरू कर दी। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़ गए तो कुछ ने उसे धक्का देकर हटाने का प्रयास किया।
इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति धक्का-मुक्की और संघर्ष में बदल गई। कई मिनट तक दोनों पक्ष आमने-सामने डटे रहे और माहौल बेहद तनावपूर्ण बना रहा।
पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछारें, फिर चला बल प्रयोग
प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं थे और लगातार सांसद निवास की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। तेज पानी की धारों से प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने की कोशिश की गई।
इसके बावजूद जब भीड़ नहीं मानी तो पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठियां भांजीं और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने का प्रयास किया। मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए। हालांकि प्रदर्शनकारी सड़क पर डटे रहे और नारेबाजी जारी रखी।
देवेंद्र यादव का फटा कुर्ता बना चर्चा का विषय
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भी कार्यकर्ताओं के साथ सबसे आगे मौजूद थे। बैरिकेडिंग के पास हुई जोरदार धक्का-मुक्की के दौरान उनका कुर्ता फट गया।
घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर अनावश्यक बल प्रयोग का आरोप लगाया और कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा कारणों से आवश्यक कार्रवाई की गई।
कांग्रेस और NSUI का सरकार पर हमला
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस और NSUI नेताओं ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि NEET पेपर लीक ने देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। नेताओं ने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग की।
उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के सवाल पर जवाब देने के बजाय सरकार विरोध की आवाज को दबाने में लगी हुई है।
पुलिस छावनी में बदला सांसद निवास क्षेत्र
आंदोलन को देखते हुए,, सांसद निवास और आसपास के इलाकों को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। बड़ी संख्या में पुलिस जवान, अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा और कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें